Ticker

12/recent/ticker-posts

ममता के "मृत्युकुम्भ" को अखिलेश का समर्थन

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी सरकार की आलोचना की। ममता के मृत्युकुम्भ वाले बयान का अखिलेश यादव में समर्थन किया है। 

मंगलवार को विधानसभा में बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "महाकुंभ 'मृत्यु कुंभ' में बदल गया है।" उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीबों के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई, जबकि वीआईपी लोगों के लिए महंगे टेंट उपलब्ध हैं।  

ममता बनर्जी ने कुंभ मेले में हुई भगदड़ और उसमें मारे गए लोगों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, "यूपी सरकार ने कितने लोगों को मुआवजा दिया? पश्चिम बंगाल के लोगों का पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया। अगर मौत का सही कारण नहीं पता तो मुआवजा कैसे दिया गया?"

इस बयान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी यूपी सरकार पर निशाना साधा और ममता बनर्जी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने जो कहा वो ठीक ही कहा है। उनके लोगों की भी जान गई है। बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है। FIR भी दर्ज़ नहीं हो रही... इतने लोगों की जान गई है कि सरकार बता नहीं पा रही। अभी तक सबसे ज्यादा लोग इसी कुंभ में गुम हुए, सबसे ज्यादा लोगों की जान इसी कुंभ में गई है, सबसे ज्यादा लोग इसी कुंभ में बीमार हुए...इसका भाजपा के पास जवाब क्या है?   
 

अब तक यूपी सरकार की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, महाकुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैदी बरती जा रही है।  
महाकुंभ 2025 से जुड़े हालात पर सभी की नजरें टिकी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ