अमेरिकी सरकार के नए नियमों के चलते भारत से अमेरिका डाक सेवाओं के जरिए सामान भेजने पर बड़ा असर पड़ने वाला है। 25 अगस्त 2025 से अधिकांश पार्सल और सामान अमेरिका नहीं भेजे जा सकेंगे। केवल 100 डॉलर तक के गिफ्ट आइटम्स और लेटर/डॉक्यूमेंट्स की अनुमति पहले की तरह जारी रहेगी।
अमेरिकी प्रशासन ने 30 जुलाई 2025 को Executive Order No. 14324 जारी किया है। इस आदेश के तहत 800 डॉलर तक की इंपोर्टेड चीजों पर दी जाने वाली ड्यूटी-फ्री छूट को खत्म कर दिया गया है। अब 29 अगस्त 2025 से अमेरिका में आने वाले हर सामान पर कस्टम ड्यूटी लगाई जाएगी। यह निर्णय International Emergency Economic Power Act (IEEPA) के तहत लिया गया है।
भारतीय डाक विभाग ने इस फैसले के बाद घोषणा की है कि पार्सल और बड़े पैमाने पर जाने वाले सामानों को अस्थाई तौर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालांकि, 100 डॉलर तक के गिफ्ट आइटम्स पर यह रोक लागू नहीं होगी और वे पहले की तरह ड्यूटी-फ्री रहेंगे।
इस कदम का असर अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय और वहां से जुड़े व्यापारिक लेन-देन पर गहराई से पड़ सकता है। छोटे कारोबारियों और व्यक्तिगत स्तर पर पार्सल भेजने वाले लोगों को अब वैकल्पिक विकल्प तलाशने होंगे।

0 टिप्पणियाँ